वीबी-जी राम जी बिल पर सियासत तेज, कांग्रेस के प्रदर्शन पर विधायक पुरंदर मिश्रा का तीखा हमला

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में गांधी और राम के नाम पर बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस पार्टी वीबी-जी राम जी बिल के विरोध में आज़ाद चौक स्थित गांधी प्रतिमा के सामने प्रदर्शन कर रही है। इस पर भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।

विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि गांधी प्रतिमा के सामने इस तरह का प्रदर्शन करना शर्मनाक है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी की सोच बिगड़ चुकी है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने अपने अंतिम समय में ‘हे राम’ कहा था और भाजपा उनके सिद्धांतों पर चल रही है। साथ ही उन्होंने सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे भारतीय संस्कृति को नहीं समझते। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस का राजनीतिक अस्तित्व जल्द ही खत्म होने वाला है।

केरल मॉब लिंचिंग मामले पर बोलते हुए विधायक पुरंदर ने कहा कि राज्य सरकार लगातार केरल सरकार और संबंधित नेताओं के संपर्क में है। जो भी न्यायसंगत होगा, उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

स्कूल में बच्चों को संता क्लॉज बनाने को लेकर बजरंग दल की चेतावनी और कांग्रेस नेता टी.एस. सिंह देव के बयान पर भी विधायक पुरंदर ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा लोगों को उकसाने का काम करती है। भारत सर्वधर्म समभाव का देश है और सभी धर्मों का सम्मान किया जाता है।

उन्होंने सभी संगठनों से अपील की कि कोई भी ऐसा कदम न उठाएं जिससे आपसी तनाव बढ़े। त्योहारों के समय शांति और सौहार्द बनाए रखना जरूरी है। विधायक ने कहा कि किसी की भावना को ठेस पहुंचाने का इरादा नहीं होना चाहिए। प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और कानून को हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button