बालेश्वर साहू की गिरफ्तारी पर सियासत तेज, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का कांग्रेस पर पलटवार

रायपुर। जैजैपुर से कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू की गिरफ्तारी के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। इस मामले को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने हैं। कांग्रेस और भाजपा एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रही हैं।

विधायक की गिरफ्तारी के बाद नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने बयान दिया था कि भाजपा कांग्रेस विधायकों को जेल भेजकर रिकॉर्ड बना रही है। अब इस पर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का तीखा जवाब सामने आया है।

स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने कहा कि जेल जाने के मामले में कांग्रेस का “स्ट्राइक रेट” 100 प्रतिशत रहेगा, जबकि भाजपा का स्ट्राइक रेट शून्य रहेगा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं का जेल जाना उनके कामों का नतीजा है।

जब उनसे पूछा गया कि क्या आगे कांग्रेस के और नेता भी जेल जा सकते हैं, तो मंत्री ने कहा कि क्रिकेट और राजनीति दोनों ही अनिश्चितता का खेल हैं। कब कितने “विकेट” गिर जाएं, यह कहना मुश्किल है।

मंत्री जायसवाल ने साफ कहा कि जो भी गड़बड़ी करेगा, चाहे वह कितना ही ताकतवर क्यों न हो, उस पर कार्रवाई जरूर होगी। कानून सभी के लिए बराबर है और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button