चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी के बाद गरमाई सियासत, कांग्रेस के आंदोलन पर अजय चंद्राकर का तंज

रायपुर।पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी के बाद से छत्तीसगढ़ की राजनीति में हलचल मची हुई है। कांग्रेस इस गिरफ्तारी के खिलाफ आंदोलन कर रही है, तो बीजेपी ने इस विरोध पर सवाल खड़े किए हैं। बीजेपी विधायक अजय चंद्राकर ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला और कहा कि पार्टी अब सिर्फ भूपेश बघेल के लिए काम कर रही है, जनता की चिंता किसी को नहीं।

देवेंद्र यादव और कवासी लखमा के लिए क्यों नहीं हुआ आंदोलन?

अजय चंद्राकर ने कहा कि जिस तरह कांग्रेस चैतन्य बघेल के लिए सड़क पर उतर आई, वैसा प्रदर्शन उसने कभी अपने नेताओं देवेंद्र यादव और कवासी लखमा की गिरफ्तारी के समय क्यों नहीं किया। उन्होंने सवाल किया कि कांग्रेस आखिर किसके लिए और क्यों यह आर्थिक नाकेबंदी कर रही है।

“कांग्रेस अब एक व्यक्ति की पार्टी”

चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस अब पूरी तरह व्यक्ति-केंद्रित हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भूपेश बघेल ने साबित कर दिया कि पूरी पार्टी सिर्फ उनके लिए खड़ी है। विधायक और कार्यकर्ताओं की पार्टी में कोई अहमियत नहीं रह गई है। नेता प्रतिपक्ष भी अपने विधायकों के लिए आंदोलन कराने में नाकाम रहे हैं।

भूपेश बघेल के बयानों पर तंज

भूपेश बघेल के उस बयान पर जिसमें उन्होंने कहा था कि “सौभाग्य की बात है कि मेरे बेटे को देशभर में लोग जानने लगे,” चंद्राकर ने कहा कि भूपेश बघेल के लिए यह भले सौभाग्य की बात हो, लेकिन उन्हें इस पर हैरानी हो रही है कि ऐसी वजहों पर कोई गर्व कैसे कर सकता है।

बघेल द्वारा उपराष्ट्रपति के इस्तीफे पर “भयंकर तूफान” आने की बात पर चंद्राकर ने कटाक्ष किया कि बघेल को राजनीति छोड़कर मौसम विभाग में चले जाना चाहिए, क्योंकि वे मौसम की भविष्यवाणी बेहतर करते हैं। उन्होंने उपराष्ट्रपति के दीर्घायु होने की कामना भी की।

https://youtu.be/dOObfuTasJA

ईडी पर भी दिया बयान

ईडी पर उठ रहे सवालों पर चंद्राकर ने कहा कि एजेंसी को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों की बात सुनी जानी चाहिए और अदालत की प्रक्रिया पर वह कोई टिप्पणी नहीं करेंगे।

विधानसभा सत्र को लेकर चंद्राकर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने जानबूझकर कार्यवाही में बाधा डाली और मानसून सत्र के पांच में से तीन दिन बहिष्कार किया।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button