रायपुर में ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क पर बड़ा एक्शन—‘3 Stumps’ मास्टरमाइंड बाबू खेमानी के ठिकानों पर छापा

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ऑनलाइन सट्टा गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ‘3 Stumps’ नामक सट्टा एप से जुड़े नेटवर्क के मास्टरमाइंड बताए जा रहे सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बाबू खेमानी के निवास पर क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की।
इस कार्रवाई में डीएसपी और टीआई स्तर के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे, जबकि बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस टीम घर समेत अन्य संभावित ठिकानों पर दबिश देकर दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच कर रही है।
विदेशी कनेक्शन के बाद तेज हुई कार्रवाई
पुलिस को इनपुट मिला था कि यह नेटवर्क विदेशी कनेक्शन से जुड़ा हो सकता है, जिसके बाद जांच तेज कर दी गई। शुरुआती जांच में सोशल मीडिया के जरिए सट्टा संचालन और मनी ट्रांजेक्शन के लिए फर्जी (म्यूल) खातों के इस्तेमाल की बात सामने आई है।
मुंबई से हुई थी गिरफ्तारी, 27 आरोपी पकड़े गए
इस पूरे मामले का खुलासा 17 अप्रैल को हुआ था, जब पुलिस ने मुंबई से बाबू खेमानी को गिरफ्तार किया था। इसके बाद महाराष्ट्र और गोवा में भी छापेमारी कर कुल 7 आरोपियों को पकड़ा गया। अब तक इस केस में 27 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और एक बड़े पैनल नेटवर्क को ध्वस्त किया जा चुका है।
कई राज्यों में फैला था नेटवर्क
जांच में सामने आया है कि यह सट्टा गिरोह छत्तीसगढ़ के अलावा महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और गोवा समेत कई राज्यों में सक्रिय था। गोवा में संचालित एक लाइन पैनल को भी खत्म किया गया है।

भारी मात्रा में जब्ती
- 3 लैपटॉप
- 18 मोबाइल फोन
- 10 एटीएम कार्ड
- 1 राउटर
- सट्टे का हिसाब-किताब
- एक बीएमडब्ल्यू कार
जब्त की है। कुल बरामदगी करीब 60 लाख रुपये आंकी गई है।
बैंक खाते खरीदकर चल रहा था खेल
पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी 20-30 हजार रुपये में बैंक खाते खरीदकर उनका इस्तेमाल सट्टे के लेन-देन में करते थे। साथ ही, बाबू खेमानी की कई विदेश यात्राओं की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने और इससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।





