पुलिस की पहल: रायगढ़ में ‘गुड सेमैरिटन्स’ और ग्राम कोटवारों को किया गया सम्मानित

रायगढ़। जिले में पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के निर्देश पर अलग-अलग थानों में ग्राम कोटवारों की बैठकें आयोजित की गईं। इस दौरान समाज के जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिकों को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई।
इसी कड़ी में थाना पूंजीपथरा में एक विशेष कार्यक्रम रखा गया। इस कार्यक्रम में सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की तुरंत मदद करने वाले नागरिकों, जिन्हें “गुड सेमैरिटन्स” कहा जाता है, को सम्मानित किया गया। थाना प्रभारी राकेश मिश्रा ने बताया कि सड़क हादसों के बाद शुरुआती एक घंटे, जिसे “गोल्डन ऑवर्स” कहा जाता है, में अगर घायलों को समय पर इलाज मिल जाए, तो उनकी जान बचाई जा सकती है।
कार्यक्रम में ग्राम सामारूमा के भुवनेश्वर सिंह राजपूत और ग्राम आमापाली के दिलीप कुमार राठिया को सम्मानित किया गया। इन दोनों ने हाल ही में सड़क हादसों में घायल लोगों को पुलिस या एम्बुलेंस के पहुंचने से पहले ही अस्पताल पहुंचाया, जिससे उनकी जान बचाई जा सकी। पुलिस ने बताया कि ऐसे नेक कार्य करने वालों को कानून में पूरी सुरक्षा दी जाती है और उन्हें किसी तरह की कानूनी परेशानी नहीं होती।
कार्यक्रम के पहले भाग में ग्राम कोटवारों को उनकी जिम्मेदारियों और ग्रामीण सुरक्षा में उनकी भूमिका के बारे में बताया गया। थाना प्रभारी ने कहा कि कोटवार गांवों की सुरक्षा व्यवस्था का अहम हिस्सा हैं और उनकी सतर्कता से अपराधों पर रोक लगाई जा सकती है।
इस मौके पर ग्राम राबो के कोटवार भगवती चौहान, ग्राम पंचायत बगचबा के समारोह दास समारू दास, डायल 112 के चालक तुलेश्वर राठिया और नारायण निषाद को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सभी को भविष्य में भी इसी सेवा भाव से कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में उप निरीक्षक विजय एक्का, प्रधान आरक्षक राम प्रसाद यादव, राधेश्याम कमल समेत अन्य पुलिसकर्मी और बड़ी संख्या में ग्राम कोटवार मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य जनभागीदारी और आपसी सहयोग को बढ़ावा देना रहा।





