जमानत पर छूटे एनडीपीएस आरोपी ने थाने में बनाई रील, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस सतर्क

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एनडीपीएस एक्ट के एक आरोपी द्वारा थाने परिसर में रील बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करने का मामला सामने आया है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस भी हरकत में आ गई है और युवक की तलाश शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार आरोपी हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था। वह पहले मादक पदार्थ से जुड़े मामले में करीब 17 महीने तक जेल में बंद रहा था। जमानत मिलने के बाद वह थाने पहुंचा, जहां से निकलते समय उसने एक भोजपुरी गाने पर रील बनाई और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया।

वीडियो में युवक “आज जेल, कल बेल और परसो फिर वही खेल” गाने पर रील बनाते हुए दिखाई दे रहा है। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया और कम समय में हजारों लोगों ने इसे देख लिया।

मामला सामने आने के बाद पुलिस ने कहा है कि युवक के थाने आने के उद्देश्य की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उसने किस तरह थाने परिसर में वीडियो बनाया।

इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और थाने की निगरानी को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button