ऑनलाइन सट्टा गिरोह पर पुलिस की कार्रवाई तेज, 4 और आरोपी गिरफ्तार, 11 तक पहुंचा आंकड़ा

दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में ऑनलाइन सट्टा गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद मामले में कुल गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 11 हो गई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 6 मोबाइल फोन और 65 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं।

जानकारी के अनुसार जामुल थाना क्षेत्र के सुंदर विहार कॉलोनी फेस-2 में पहले पुलिस ने छापा मारकर सात लोगों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ और मोबाइल डेटा की जांच में सामने आया कि इस गिरोह से जुड़े कुछ और लोग भी सक्रिय हैं, जिसके बाद पुलिस ने आगे की कार्रवाई करते हुए अन्य आरोपियों की तलाश शुरू की।

तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने भिलाई और रायपुर के अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान परमेश गेडाम, शिवा वैष्णव उर्फ समीर, मोहम्मद असलम और सत्यपाल पासवान के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक ये आरोपी ऑनलाइन सट्टा संचालन के लिए आईडी उपलब्ध कराने, पैसों के लेनदेन का हिसाब रखने और तकनीकी सहयोग देने का काम कर रहे थे। आरोपी सोशल मीडिया और आधुनिक तकनीक का उपयोग कर अवैध गतिविधियों को संचालित कर रहे थे।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button