यात्रीगण कृपया ध्यान दें: एक महीने बाद फिर से शुरू हुईं सभी ट्रेनें

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर और किरंदुल से चलने वाली सभी यात्री ट्रेनें एक महीने के बाद फिर से शुरू कर दी गई हैं। लैंडस्लाइड की वजह से 2 जुलाई से मल्लीगुड़ा और जड़ती स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक पर अवरोध उत्पन्न हो गया था।

जिससे कुल 10 यात्री ट्रेनों का संचालन रोक दिया गया था। इस दौरान यात्रियों को केवल कोरापुट तक ही ट्रेन सेवा मिल रही थी, जबकि जगदलपुर और किरंदुल तक की ट्रेनें रद्द थीं। अब ईस्ट कोस्ट रेलवे के डिविजनल कॉमर्शियल मैनेजर के. संदीप के निर्देश पर सभी ट्रेनों को पुनः शुरू कर दिया गया है। इसके साथ ही जगदलपुर से आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के लिए यात्री आसानी से यात्रा कर सकेंगे।

हालांकि, ट्रेनों के रुकने के दौरान मालगाड़ियों की आवाजाही पहले की तरह जारी रही। इस मुद्दे को लेकर कुछ दिन पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जगदलपुर रेलवे स्टेशन प्रबंधक को डीआरएम के नाम ज्ञापन सौंपा था। उन्होंने चेतावनी दी थी कि यदि जल्द यात्री ट्रेनों का संचालन शुरू नहीं किया गया तो वे मालगाड़ियों को रोकेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी रेलवे प्रशासन की होगी। अब ट्रेनों के पुनः संचालन से स्थानीय यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। लंबे समय बाद सामान्य ट्रेनों के चलने से व्यापार, रोजगार और पारिवारिक यात्राओं में सुविधा बढ़ेगी। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले समय सारणी की जांच कर लें।

ये ट्रेनें थी रद्द

  1. विशाखापट्टनम से रवाना होने वाली ट्रेन संख्या 18515 विशाखापट्टनम – किरंदुल नाइट एक्सप्रेस।
  2. ट्रेन संख्या 18516 किरंदुल – विशाखापट्टनम नाइट एक्सप्रेस।
  3. विशाखापट्टनम से रवाना होने वाली ट्रेन संख्या 58501 विशाखापट्टनम-किरंदुल पैसेंजर।
  4. किरंदुल – विशाखापट्टनम पैसेंजर।
  5. हावड़ा से छूटने वाली हावड़ा-जगदलपुर समलेश्वरी एक्सप्रेस।
  6. ट्रेन संख्या 18006 जगदलपुर-हावड़ा समलेश्वरी एक्सप्रेस।
  7. ट्रेन संख्या 18107 राउरकेला से छूटने वाली राउरकेला-जगदलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस।
  8. ट्रेन संख्या 18108 जगदलपुर-राउरकेला इंटरसिटी एक्सप्रेस।
  9. भुवनेश्वर से रवाना होने वाली ट्रेन संख्या 18447 भुवनेश्वर-जगदलपुर हीराखंड एक्सप्रेस।
  10. ट्रेन संख्या 18448 जगदलपुर – भुवनेश्वर हीराखंड एक्सप्रेस।
Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button