वित्त मंत्री ओपी चौधरी की वाशिंगटन डी.सी. में अहम मुलाकात, छत्तीसगढ़ के विकास पर हुई चर्चा

रायपुर/वाशिंगटन डी.सी। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी अमेरिका दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने वाशिंगटन डी.सी. में भारत सरकार के मिनिस्टर (इकोनॉमिक) श्री आशुतोष जिंदल से शिष्टाचार मुलाकात की।
इस मुलाकात में दोनों के बीच वैश्विक अर्थव्यवस्था, भारत की आर्थिक नीतियों, निवेश की संभावनाओं और छत्तीसगढ़ के विकास को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। वित्त मंत्री चौधरी ने छत्तीसगढ़ में हो रहे आर्थिक बदलाव, बुनियादी ढांचे के विकास और निवेशकों के लिए बन रहे अवसरों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन के अनुरूप शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग और कृषि जैसे क्षेत्रों में निवेश को बढ़ावा दे रही है।
आशुतोष जिंदल ने भी बातचीत में भारत की वैश्विक भूमिका, निवेशकों की नई प्राथमिकताओं और अमेरिका जैसे देशों से आर्थिक रिश्तों को लेकर अपने विचार साझा किए। उन्होंने छत्तीसगढ़ में विदेशी निवेश बढ़ाने में केंद्र सरकार के सहयोग का आश्वासन दिया।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने इस बातचीत को बेहद उपयोगी और प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की अंतरराष्ट्रीय चर्चा से राज्य की नीतियों को वैश्विक नजरिए से समझने और उन्हें और बेहतर बनाने में मदद मिलती है।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई और भविष्य में भी इस तरह के संवाद जारी रखने पर सहमति बनी। इस मौके पर भारतीय दूतावास के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।





