गरियाबंद में अश्लील डांस मामला: SDM हटाए गए, आयोजक गिरफ्तार, जांच समिति गठित

गरियाबंद। अश्लील डांस के आयोजन से जुड़े मामले में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई हुई है। लल्लूराम डॉट कॉम में खबर सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लिया। कलेक्टर भगवान सिंह उईके ने मैनपुर के एसडीएम तुलसी दास मरकाम को पद से हटाते हुए उन्हें कलेक्टोरेट अटैच कर दिया है और कारण बताओ नोटिस जारी किया है। मामले की जांच के लिए अपर कलेक्टर की अध्यक्षता में एक जांच समिति भी बनाई गई है, जो अपनी रिपोर्ट कमिश्नर को सौंपेगी।

यह मामला देवभोग थाना क्षेत्र के उरमाल गांव का है, जहां 6 दिन का ओपेरा आयोजन किया गया था। आयोजन समिति ने मनोरंजन के नाम पर अनुमति ली थी, लेकिन तीसरे दिन से मंच पर अश्लील डांस शुरू हो गया। ओडिशा से बुलाई गई बार डांसरों ने अर्धनग्न अवस्था में प्रस्तुति दी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

मामला तब और गंभीर हो गया जब वीडियो में तत्कालीन एसडीएम तुलसी दास मरकाम आयोजन स्थल पर मौजूद दिखाई दिए। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान अफसरों, पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों ने खुलेआम पैसे भी उड़ाए। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस और प्रशासन हरकत में आया।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आयोजन से जुड़े देवानंद राजपूत, गोविंद देवांगन, नरेंद्र साहू और हसन डाडा को गिरफ्तार किया है। इनके खिलाफ बीएनएस की धारा 296 (3) और (5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं, वायरल वीडियो के आधार पर दो पुलिस कर्मियों को लाइन अटैच कर दिया गया है।

IMG 7829

थाना प्रभारी फैजुल शाह ने बताया कि आयोजन की अनुमति 10 तारीख तक थी, लेकिन उसी दिन अश्लील गतिविधियों की शिकायत मिलने के बाद कार्यक्रम को तत्काल बंद करा दिया गया। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button