मनरेगा नाम बदलने के विरोध में एनएसयूआई का प्रदर्शन, बिलासपुर में मोदी–योगी का पुतला दहन

बिलासपुर। मनरेगा योजना के नाम और स्वरूप में किए गए बदलाव के विरोध में एनएसयूआई ने बिलासपुर में जोरदार प्रदर्शन किया। एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरुण चौधरी की गिरफ्तारी से नाराज़ कार्यकर्ता आज सड़कों पर उतर आए और महामाया चौक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतला दहन किया।
दरअसल, उत्तर प्रदेश के वाराणसी में मनरेगा में बदलाव के खिलाफ एनएसयूआई द्वारा प्रदर्शन किया जा रहा था। इस दौरान पुलिस ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अरुण चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। इस गिरफ्तारी के बाद देशभर में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। इसी कड़ी में बिलासपुर में भी विरोध प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अरुण चौधरी की गिरफ्तारी को लोकतंत्र पर हमला बताया। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि योगी सरकार के इशारे पर पुलिस ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया और जबरन गिरफ्तारियां की गईं।
मीडिया से बातचीत में एनएसयूआई नेताओं ने कहा कि मनरेगा गरीबों और मजदूरों की जीवनरेखा है और इसमें किसी भी तरह का बदलाव आम जनता के अधिकारों पर सीधा हमला है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर मनरेगा में किए गए बदलाव वापस नहीं लिए गए और छात्र नेताओं पर कार्रवाई बंद नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
एनएसयूआई ने ऐलान किया है कि आने वाले दिनों में बिलासपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ के युवा दिल्ली जाकर सरकार के फैसले के खिलाफ बड़ा आंदोलन करेंगे। फिलहाल इस प्रदर्शन से जिले का सियासी माहौल और गरमा गया है।





