नियम विरुद्ध पानी बेचने पर कम्पनी संचालक को नोटिस

दुर्ग। भीषण गर्मी के दौरान आम नागरिकों, यात्रियों एवं जरूरतमंद लोगों को स्वच्छ एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम दुर्ग द्वारा शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर स्थापित वाटर एटीएम “पनघट” का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है।

इसी क्रम में जल विभाग प्रभारी लीना दिनेश देवांगन ने जल विभाग के सहायक अभियंता गिरीश दीवान के साथ बस स्टैंड स्थित वाटर एटीएम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शिकायत सही पाई गई कि वहां तैनात कर्मियों द्वारा नियमों के विपरीत बड़े कैनों में पानी भरकर विक्रय किया जा रहा था, जिससे आम नागरिकों एवं यात्रियों को समय पर स्वच्छ एवं शीतल पानी उपलब्ध होने में परेशानी हो रही थी।

निरीक्षण में यह भी सामने आया कि अत्यधिक मात्रा में कैनों में पानी भरने के कारण पानी पर्याप्त फिल्ट्रेशन प्रक्रिया से नहीं गुजर पा रहा था, जिससे पानी की गुणवत्ता प्रभावित होने की संभावना बनी हुई थी। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए जल विभाग प्रभारी ने संबंधित कम्पनी संचालक को तत्काल नोटिस जारी करने तथा भविष्य में इस प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जल विभाग प्रभारी लीना देवांगन ने अधिकारियों को वाटर एटीएम से उपलब्ध कराए जा रहे पेयजल की गुणवत्ता जांच के लिए लैब टेस्ट कराने के निर्देश भी दिए गए, ताकि नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल मिल सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नगर निगम द्वारा स्थापित वाटर एटीएम आम जनता की सुविधा के लिए हैं और इनके संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button