बीजेपी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिलने की तैयारी, नितिन नबीन ने भरा नामांकन,CM साय और अन्य नेताओं ने अपना समर्थन पत्र जमा किया

नई दिल्ली।भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में एक नए दौर की शुरुआत होने जा रही है। अगले 24 घंटों के भीतर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से जुड़ी सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएंगी। इस प्रक्रिया के तहत नितिन नबीन ने अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया है।
नामांकन के दौरान पार्टी के कई बड़े नेता मौजूद रहे। इनमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मौजूदा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और वरिष्ठ नेता नितिन गडकरी शामिल थे। पार्टी सूत्रों के अनुसार, नितिन नबीन का निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना जाना तय माना जा रहा है और वे कल औपचारिक रूप से पद की शपथ ले सकते हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव को लेकर दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में हलचल तेज है। चुनावी प्रक्रिया में शामिल होने के लिए बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद के सदस्य दिल्ली पहुंचे हैं। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित राज्य के भाजपा नेताओं ने भी नितिन नबीन के समर्थन में अपने पत्र जमा किए हैं।
कैसे होता है बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव?
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव पार्टी की राष्ट्रीय परिषद और राज्य परिषदों के प्रतिनिधियों से बने निर्वाचक मंडल द्वारा किया जाता है। इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी पार्टी के राष्ट्रीय प्रतिवेदक करते हैं।
पार्टी के संविधान के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए वही व्यक्ति पात्र होता है जो कम से कम चार कार्यकाल तक पार्टी का सक्रिय सदस्य रहा हो और जिसकी सदस्यता को 15 वर्ष पूरे हो चुके हों। किसी उम्मीदवार के नाम का प्रस्ताव कम से कम पांच राज्यों से आना जरूरी होता है और प्रत्येक राज्य से निर्वाचक मंडल के कम से कम 20 सदस्यों का संयुक्त समर्थन होना चाहिए।
फिलहाल, पार्टी में माहौल नितिन नबीन के पक्ष में नजर आ रहा है और माना जा रहा है कि जल्द ही बीजेपी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल जाएगा।





