नवा रायपुर में नई विधानसभा भवन का उद्घाटन 1 नवंबर को, पीएम मोदी करेंगे लोकार्पण!

रायपुर। छत्तीसगढ़ की नई विधानसभा भवन का उद्घाटन इस वर्ष 1 नवंबर को किया जाएगा। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने मंगलवार को निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण करते हुए बताया कि सितंबर तक सभी निर्माण कार्य पूरे कर लिए जाएंगे।
यह आयोजन राज्य स्थापना दिवस के खास मौके पर होगा। सरकार की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से इसका लोकार्पण कराने की कोशिशें जारी हैं।
शीतकालीन सत्र नए भवन में
सूत्रों के मुताबिक, नवंबर में होने वाला विधानसभा का शीतकालीन सत्र नई विधानसभा भवन में ही आयोजित होगा। इसके लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। डिप्टी सीएम ने निर्माणाधीन सदन में नई विधायकों की कुर्सी पर बैठकर उसकी गुणवत्ता की जांच भी की।
भवन में दिखेगी छत्तीसगढ़ की छवि
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि भवन के डिजाइन में छत्तीसगढ़ की संस्कृति, शिल्प और विरासत को प्रमुखता से दर्शाया जाएगा। यह भवन सिर्फ राज्य का गौरव नहीं होगा, बल्कि पूरे देश के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।
भवन का विवरण
नया विधानसभा भवन नवा रायपुर में 52 एकड़ क्षेत्र में बनाया जा रहा है। इसमें 200 विधायकों के बैठने की क्षमता है। भवन में तीन मुख्य विंग होंगे – A विंग में सचिवालय, B विंग में सदन और मुख्यमंत्री तथा विधानसभा अध्यक्ष का कार्यालय, और C विंग में उपमुख्यमंत्री व मंत्रियों के कक्ष। इसके अलावा 500 लोगों की दर्शक क्षमता वाला ऑडिटोरियम और 700 कारों की पार्किंग की व्यवस्था होगी।
2020 में रखी गई थी नींव
इस भवन की नींव कांग्रेस शासन में 28 अगस्त 2020 को रखी गई थी। तब सोनिया गांधी और राहुल गांधी वर्चुअली शामिल हुए थे। उस समय इसका नाम मिनीमाता के नाम पर रखने का प्रस्ताव था। विधानसभा का मानसून सत्र 14 जुलाई से शुरू होगा और 18 जुलाई तक चलेगा। कुल पांच बैठकें होंगी, जिनमें वित्तीय और शासकीय कार्य संपादित किए जाएंगे।





