रामविचार नेताम ने शहीद वीर नारायण सिंह आदिवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय का निरीक्षण किया

रायपुर।आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम ने आज नवा रायपुर में आदिम जाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान के पास निर्माणाधीन शहीद वीर नारायण सिंह आदिवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय-सह स्मारक का निरीक्षण किया।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह संग्रहालय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना का परिणाम है और जल्द ही छत्तीसगढ़ में आदिवासी वर्ग की ऐतिहासिक गौरव गाथा, शौर्य और बलिदान का प्रतीक बनकर सामने आएगा। रामविचार नेताम ने बताया कि यह संग्रहालय सदियों तक नई पीढ़ियों को पुरखों की याद दिलाएगा और आदिवासी समुदाय के साथ-साथ देश-विदेश के लोगों के लिए भी प्रेरणास्पद होगा।
उन्होंने जोर देकर कहा कि यह प्रदेश का पहला ऐसा संग्रहालय है जो छत्तीसगढ़ के आदिवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की शौर्य गाथा और बलिदान को समर्पित है, इसलिए इसके निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।





