सुकमा के जंगल में नक्सलियों का हथियार डंप बरामद: इंसास रायफल समेत बड़ी मात्रा में कारतूस और विस्फोटक जब्त

छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। किस्टाराम क्षेत्र के कुम्माडोंग जंगल-पहाड़ी इलाके में छिपाकर रखे गए हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री का डंप बरामद किया गया है। पुलिस ने मौके से इंसास रायफल सहित बड़ी मात्रा में कारतूस और अन्य सैन्य सामग्री जब्त की है।
सरेंडर नक्सलियों की सूचना पर कार्रवाई
पुलिस के अनुसार जिले में लगातार सर्चिंग और एरिया डॉमिनेशन अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान आत्मसमर्पण कर चुके पूर्व नक्सलियों से मिली सूचना के आधार पर कुम्माडोंग जंगल क्षेत्र में विशेष सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। तलाशी के दौरान जवानों को एक संदिग्ध स्थान पर छिपाकर रखा गया हथियार और गोला-बारूद का जखीरा मिला, जिसे सुरक्षित तरीके से जब्त कर लिया गया।
इंसास रायफल समेत बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद
बरामद सामग्री में एक इंसास रायफल, 49 इंसास कारतूस, 12 एसएलआर कारतूस, 27 नग .303 कारतूस, 16 नग 8 एमएम कारतूस, 7 मस्केट कारतूस और 7 नग 12 बोर कारतूस शामिल हैं। इसके अलावा करीब 30 मीटर लंबा दो बंडल कॉर्डेक्स वायर, तीन इंसास मैगजीन, छह वायरलेस सेल, एक पोच और एक स्टील का डिब्बा भी बरामद किया गया है।
बड़ी वारदात की आशंका, जांच जारी
पुलिस का मानना है कि नक्सलियों ने इन हथियारों और विस्फोटक सामग्री को भविष्य में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने या सुरक्षा बलों पर हमले के उद्देश्य से जंगल में छिपाकर रखा था। बरामदगी के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में सर्चिंग और निगरानी बढ़ा दी है। मामले की जांच जारी है और नक्सल गतिविधियों से जुड़े अन्य सुराग जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।





