टेलीग्राम पर निवेश का झांसा देकर किसान से 21 लाख की ठगी, 160 ट्रांजेक्शन में खाली कराए खाते

बिलासपुर जिले में ऑनलाइन निवेश के नाम पर एक किसान से 21.32 लाख रुपए की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने कम समय में रकम कई गुना बढ़ाने और भारी मुनाफा देने का लालच देकर किसान को अपने जाल में फंसा लिया। पीड़ित ने अलग-अलग बैंक खातों से 160 बार में रकम ट्रांसफर की। मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

टेलीग्राम लिंक से शुरू हुआ ठगी का खेल

ग्राम भरारी बड़पारा निवासी नारायण सिंह राज खेती-किसानी के साथ साइकिल मरम्मत की दुकान चलाते हैं। 28 अक्टूबर 2024 को उनके मोबाइल पर एक अनजान लिंक आया। लिंक पर क्लिक करते ही वह “इंडिया प्रोमो ट्रेडिंग कंपनी” नाम के एक टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ गए।

ग्रुप के संचालकों ने खुद को फॉरेक्स ट्रेडिंग कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए कम समय में रकम दोगुनी करने और 10 हजार रुपए निवेश पर 24 घंटे में एक लाख रुपए तक मुनाफा देने का दावा किया। शुरुआत में उन्हें ऑनलाइन खाते में लाखों रुपए का लाभ दिखाया गया, जिससे उनका भरोसा बढ़ता गया।

6.80 लाख का लाभ दिखाकर 21.32 लाख रुपए ऐंठे

पीड़ित के अनुसार, ठगों ने उन्हें 6.80 लाख रुपए का फायदा दिखाकर बार-बार निवेश करने के लिए प्रेरित किया। 27 दिसंबर 2024 से 5 नवंबर 2025 के बीच उन्होंने इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक, पंजाब नेशनल बैंक और भारतीय स्टेट बैंक के खातों से अलग-अलग किस्तों में कुल 21 लाख 32 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए।

जांच में सामने आया कि एक दिन में कुछ ही मिनटों के अंतराल पर उनसे कई बार पैसे जमा कराए गए। 23 जनवरी 2025 को सुबह कुछ ही समय में उनसे पांच किस्तों में 50 हजार रुपए ट्रांसफर करा लिए गए।

फर्जी ट्रेडिंग ग्रुप से सावधान रहने की सलाह

पुलिस के मुताबिक, “एजेंट राजेश पांडेय” नाम के यूजर के जरिए पीड़ित से संपर्क किया गया था। ठगों ने मनी बैक गारंटी और पूरी तरह सुरक्षित निवेश का भरोसा देकर उन्हें झांसे में लिया।

पुलिस और साइबर विशेषज्ञों ने लोगों को टेलीग्राम और व्हाट्सएप पर भारी मुनाफा, घर बैठे कमाई और रकम दोगुनी करने के दावों से सतर्क रहने की सलाह दी है। अधिकारियों का कहना है कि फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर चल रहे कई ऑनलाइन ग्रुप फर्जी होते हैं और लोग लालच में आकर आसानी से साइबर ठगी का शिकार हो जाते हैं।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button