सोने की अंगूठी और कैश के लालच में कारोबारी की हत्या, शव खेत में दफन

छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में एक टेंट कारोबारी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने सोने की अंगूठी और नकदी के लालच में परिचित कारोबारी को घर बुलाकर उसकी हत्या कर दी और शव को खेत में दफन कर दिया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक की पहचान सुरेश चौहान (53) के रूप में हुई है, जो टेंट व्यवसाय संचालित करते थे। वह 11 अप्रैल से लापता थे, जिसके बाद उनके परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और करीब 150 सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
जांच के दौरान विकास नगर क्षेत्र में खून से सनी एक स्कूटी बरामद हुई। तकनीकी साक्ष्यों और फुटेज के आधार पर पुलिस ने संदेही सुरेश देवांगन को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपी ने बताया कि उसने 11 अप्रैल की रात सुरेश चौहान को अपने घर बुलाया और सिलबट्टे के मूसल से सिर पर वार कर हत्या कर दी। इसके बाद उसने शव को स्कूटी में रखकर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पीछे खेत में ले जाकर मिट्टी में दबा दिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शव, दो सोने की अंगूठियां, एक हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।





