भिलाई युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए बढ़ी सियासी सरगर्मी: 35 से ज्यादा दावेदार मैदान में, इंटरव्यू में दिखाए आंदोलन के फोटो-वीडियो

भिलाई शहर युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर संगठन के भीतर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इस बार अध्यक्ष पद के लिए 35 से ज्यादा युवाओं ने दावेदारी पेश की है। रायपुर स्थित राजीव भवन में 24 और 25 मई को सभी दावेदारों का इंटरव्यू लिया गया। अब अगले कुछ दिनों में नाम फाइनल होने की चर्चा है, जिसके बाद सदस्यता और वोटिंग की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

संगठन के भीतर इस चुनाव को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और विधायक देवेंद्र यादव समर्थक खेमों के बीच मुकाबले की चर्चा भी तेज है। माना जा रहा है कि दोनों गुट अपने-अपने समर्थकों को अध्यक्ष बनाने के लिए सक्रिय हैं।

इंटरव्यू में पूछे गए संगठन और आंदोलन से जुड़े सवाल

इंटरव्यू के दौरान प्रत्याशियों से संगठन में उनकी सक्रियता, राजनीतिक अनुभव और आंदोलनों में भागीदारी को लेकर सवाल पूछे गए। दावेदारों से यह जानकारी ली गई कि वे कितने समय से राजनीति में सक्रिय हैं और अब तक किन-किन पदों पर काम कर चुके हैं।

इसके अलावा उनसे संगठन में जोड़े गए नए सदस्यों, धरना-प्रदर्शन में भागीदारी और वर्तमान जिम्मेदारियों के बारे में भी पूछा गया। कई दावेदार अपने साथ आंदोलन और कार्यक्रमों से जुड़े फोटो और वीडियो भी लेकर पहुंचे थे।

दिल्ली तक के प्रदर्शनों के वीडियो दिखाए

युवा नेताओं ने इंटरव्यू में दिल्ली और प्रदेश स्तर पर हुए आंदोलनों की तस्वीरें और वीडियो दिखाकर अपनी सक्रियता साबित करने की कोशिश की। कई प्रत्याशियों ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ तस्वीरें भी पेश कीं।

इस बार चुनाव में पुराने नेताओं के बेटे, पूर्व पदाधिकारी और कई नए चेहरे भी मैदान में हैं। ऐसे में मुकाबला काफी दिलचस्प माना जा रहा है। संगठन के भीतर अलग-अलग गुट अपने समर्थकों के पक्ष में माहौल बनाने में जुटे हुए हैं।

10 जून से शुरू होगी सदस्यता और वोटिंग प्रक्रिया

युवा कांग्रेस चुनाव के तहत 10 जून से 10 जुलाई तक सदस्यता और वोटिंग की प्रक्रिया चलेगी। इसी आधार पर अध्यक्ष का चुनाव होगा। प्रदेशभर में ब्लॉक, जिला और प्रदेश स्तर की नई टीम के गठन के लिए 29 मई से नामांकन प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

नामांकन के बाद 15 जून से 18 जून तक स्क्रूटनी होगी। सदस्यता और चुनाव प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से पूरी की जाएगी। चुनाव लड़ने के लिए उम्र सीमा 18 से 35 वर्ष तय की गई है। आवेदकों को लाइव फोटो, वोटर आईडी और उम्र संबंधी दस्तावेज अपलोड करने होंगे। साथ ही 8 सेकेंड का वीडियो अपलोड करना भी अनिवार्य किया गया है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button