कल से छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र, डिप्टी सीएम बोले- विपक्ष के हर सवाल का देंगे जवाब

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र कल से शुरू होने जा रहा है। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सरकार पूरी तरह तैयार है और विपक्ष के हर सवाल का जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ साल में सरकार ने सभी वर्गों और सभी दिशा में काम किया है।
स्वच्छता में छत्तीसगढ़ के 7 शहरों को अवार्ड के लिए चुने जाने पर डिप्टी सीएम ने कहा कि यह हम सबके लिए गर्व की बात है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी और कहा कि हम लगातार सफाई के लिए मेहनत कर रहे हैं।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के कार्यकाल के दो साल पूरे होने पर उन्होंने तंज कसा। उन्होंने कहा कि बैज के नेतृत्व में कांग्रेस विधानसभा, लोकसभा, उपचुनाव, पंचायत और नगरीय चुनाव हार चुकी है। कांग्रेस की हालत आज सबके सामने है।
ओबीसी की जनगणना पर आए नए आंकड़ों को लेकर उन्होंने कहा कि ओबीसी की आबादी करीब सवा करोड़ बताई गई है। इस पर अभी विचार और विश्लेषण किया जाएगा, उसके बाद कोई फैसला लिया जाएगा।





