Land Scam: मंत्री टंकराम वर्मा का जमीन घोटाले पर बयान, कहा- नेता हो या अफसर सब पर गिरेगी गाज

Land Scam: बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने भारतमाला परियोजना को लेकर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने साफ कहा है कि इस परियोजना में जमीन अधिग्रहण के दौरान हुई गड़बड़ियों की जांच की जा रही है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कोई नेता हो, अधिकारी या कर्मचारी। मंत्री वर्मा ने बिलासपुर दौरे के दौरान मीडिया से बातचीत में कहा कि भारतमाला जैसी विशाल परियोजना में लगातार नए नाम सामने आ रहे हैं और जांच के दायरे में आ रहे हैं।

उन्होंने बताया कि बिलासपुर के मोपका, लिंगियाडीह और सकरी क्षेत्र में जमीन संबंधी गड़बड़ियों की शिकायत मिली है, जिस पर अधिकारियों को जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक में उन्होंने लंबित प्रकरणों के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए हैं। साथ ही शासकीय जमीनों पर अतिक्रमण और अन्य जमीन विवादों की समयबद्ध जांच और कार्रवाई करने को कहा है।

रजिस्ट्री की नई व्यवस्था को लेकर मंत्री वर्मा ने कहा कि अब जमीन की रजिस्ट्री के साथ ही नामांतरण की प्रक्रिया भी पूरी हो जाएगी। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और नामांतरण के हजारों लंबित मामलों का समाधान होगा। नई व्यवस्था में आधार सत्यापन, चौहद्दी और जियो रिफ्रेंसिंग के बाद ही रजिस्ट्री संभव होगी, जिससे फर्जीवाड़े पर रोक लगेगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button