जशपुर में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक, कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश

जशपुर। कलेक्टर रोहित व्यास की अध्यक्षता में आज कलेक्टरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। बैठक में एसपी शशिमोहन सिंह, अपर कलेक्टर प्रदीप कुमार साहू, एएसपी अनिल सोनी समेत सभी एसडीएम, एसडीओपी और विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हुए।

कलेक्टर ने सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन कराने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी विभागों के कर्मचारी बिना हेलमेट दोपहिया वाहन न चलाएं। बार-बार यातायात नियम तोड़ने वालों का लाइसेंस निरस्त करने के भी निर्देश दिए।

उन्होंने गांवों, हाट-बाजारों और स्कूल-कॉलेजों में यातायात जागरूकता अभियान चलाने को कहा। साथ ही, ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश परिवहन विभाग को दिए।

सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद करने वाले सड़क सुरक्षा मितानों को प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण देने पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुधार कार्य जल्द पूरा करने को कहा।

वहीं, एसपी शशिमोहन सिंह ने मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने वाले वाहन चालकों और ऐसे दुकानदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बैठक में सभी अधिकारियों ने मिलकर सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठाने का संकल्प लिया।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button