77वें गणतंत्र दिवस पर रायपुर निगम मुख्यालय में फहराया तिरंगा, महापौर मीनल चौबे ने दिलाया उत्कृष्ट कार्य का संकल्प

रायपुर।77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर में नगर पालिक निगम मुख्यालय महात्मा गांधी सदन के प्रांगण में महापौर मीनल चौबे ने राष्ट्रध्वज तिरंगा फहराया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि रायपुर नगर निगम बेहतर कार्य कर रहा है और इसके लिए अधिकारियों व कर्मचारियों की सराहना की। साथ ही उन्होंने सभी से मिलकर और अधिक समर्पण के साथ काम करते हुए रायपुर नगर निगम को छत्तीसगढ़ का उत्कृष्ट नगर निगम बनाने का संकल्प लेने की अपील की।
महापौर ने कहा कि निगम के कार्य ऐसे हों कि छत्तीसगढ़ के अन्य नगरीय निकाय रायपुर नगर निगम को उदाहरण के रूप में प्रस्तुत करें।
इस अवसर पर सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं और तेलीबांधा मरीन ड्राइव स्थित 82 मीटर ऊंचे फ्लैग पोस्ट पर पुनः राष्ट्रध्वज फहराने की शुरुआत के लिए महापौर का आभार जताया। उन्होंने महापौर और आयुक्त से बजट में प्रावधान कर वर्षभर 365 दिन तिरंगा फहराने की प्रशासनिक व्यवस्था करने का अनुरोध भी किया।
नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने नागरिकों को गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए नगर निगम के माध्यम से शहरवासियों की सेवा का संकल्प लेने की अपील की। वहीं आयुक्त विश्वदीप ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से भारत का संविधान कम से कम एक बार पढ़ने का आग्रह किया, ताकि राष्ट्रनिर्माताओं के लक्ष्यों को समझकर अपने दायित्वों का बेहतर निर्वहन किया जा सके।





