MAUSAM: हिमाचल में तापमान माइनस 12°C पहुंचा, हरियाणा में 2 मौतें

नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश में सर्दी का प्रकोप बढ़ गया है। मौसम विभाग ने 19 जनवरी तक बारिश और बर्फबारी का अनुमान जताया है। जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बर्फीली हवाओं के चलते उत्तर भारत के राज्यों में तापमान गिर रहा है। हिमाचल प्रदेश के कुकुमसेरी में तापमान माइनस 12.3°C तक पहुंचा, वहीं ताबो में माइनस 10.9°C रिकॉर्ड किया गया। हरियाणा में ठंड के कारण दो लोगों की मौत हो गई। पंजाब के अमृतसर में तापमान 1.2°C दर्ज किया गया।
यूपी में घना कोहरा छाया रहा, जहां सहारनपुर में विजिबिलिटी जीरो हो गई। गाजियाबाद में 8वीं क्लास तक के बच्चों के लिए 18 जनवरी तक छुट्टी घोषित की गई। कुछ जिलों में ओले गिरने का अलर्ट भी जारी किया गया है। राजस्थान के 15 जिलों में ओले गिरने की संभावना जताई गई है। जोधपुर में 14-15 जनवरी और सवाई माधोपुर के स्कूलों में 16 जनवरी तक छुट्टियां घोषित की गई हैं।
कश्मीर में धूप के बीच तापमान -5.1°C
कश्मीर घाटी में शीतलहर का असर जारी है। श्रीनगर में तापमान -5.1°C तक गिर गया, जबकि पहलगाम का तापमान -8.4°C रिकॉर्ड किया गया।
महाकुंभ के लिए मौसम अपडेट
मौसम विभाग ने महाकुंभ के दौरान मौसम अपडेट के लिए वेबपेज लॉन्च किया है। यह प्रयागराज, अयोध्या, लखनऊ, आगरा, कानपुर और वाराणसी के लिए साप्ताहिक और प्रति घंटा पूर्वानुमान प्रदान करेगा।
अगले 3 दिन मौसम का अनुमान
- 15 जनवरी: तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल में बारिश, यूपी, असम, मणिपुर में घना कोहरा।
- 16 जनवरी: जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी, दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश में बारिश।
- 17 जनवरी: उत्तर भारत में बारिश की संभावना, पहाड़ों पर बर्फबारी।
राज्यों में मौसम अपडेट
- मध्य प्रदेश: 15 जनवरी को मावठा गिरने का अलर्ट।
- राजस्थान: 15 जिलों में बारिश और ओले का अलर्ट, स्कूलों में छुट्टियां।
- हरियाणा: 11 जिलों में घना कोहरा, अगले 2 दिन बारिश और ओले का अलर्ट।
- हिमाचल प्रदेश: जनवरी में 81% कम बारिश-बर्फबारी, 5 जिलों में कोहरे का अलर्ट।