रायगढ़ में कबाड़ी गोदाम में भीषण आग, कई शोरूम खाली कराए गए

रायगढ़ के छातामुड़ा बाईपास रोड स्थित एक कबाड़ी गोदाम में शनिवार को अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि जिस गोदाम में आग लगी, उसके ठीक बगल में Hero MotoCorp का मोटरसाइकिल शोरूम भी मौजूद है। आग फैलने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने आसपास के कई शोरूम और दुकानों को एहतियातन खाली करा दिया।
स्थानीय लोग शुरुआत में अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन आग की तीव्रता के कारण प्रयास नाकाफी साबित हुए। सूचना मिलते ही नगर निगम की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
हालात गंभीर होते देख अतिरिक्त सहायता के लिए NTPC लारा और Jindal Steel & Power की फायर ब्रिगेड टीमों को भी बुलाया गया है। फिलहाल आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है।





