मरीन ड्राइव पर पार्किंग शुल्क को लेकर बवाल: कांग्रेस का प्रदर्शन, महापौर पर साधा निशाना

राजधानी के मरीन ड्राइव क्षेत्र में पार्किंग शुल्क वसूली के विरोध में शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नगर निगम पर बिना समुचित पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराए शुल्क वसूलने का आरोप लगाया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने महापौर पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें ‘वसूली दीदी’ तक कहा। उनका कहना था कि तेलीबांधा तालाब शहरवासियों के लिए विकसित सार्वजनिक स्थल है, जहां लोग सुबह-शाम टहलने और परिवार के साथ समय बिताने आते हैं। ऐसे स्थान पर शुल्क लगाना आम नागरिकों पर अतिरिक्त बोझ डालने जैसा है।
कांग्रेस नेताओं ने सवाल उठाया कि जब व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था ही नहीं है, तो शुल्क किस आधार पर लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे वाहन खड़ा करना यदि अपराध माना जाएगा, तो आम लोगों के पास विकल्प क्या बचेगा।
पार्टी ने इसे सरकार की ‘वसूली नीति’ करार देते हुए आरोप लगाया कि ट्रिपल इंजन सरकार में सार्वजनिक स्थलों को राजस्व का साधन बनाया जा रहा है। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि पार्किंग शुल्क वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
प्रदर्शन में वरिष्ठ नेता प्रमोद दुबे, कुलदीप जुनेजा, पंकज शर्मा, आकाश तिवारी और आकाश शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस ने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों पर वह लगातार आवाज उठाती रहेगी।





