रायगढ़ में खेल सुविधाओं का होगा बड़ा अपग्रेड, वित्त मंत्री ने किया भूमिपूजन

रायगढ़। बोईरदादर स्टेडियम रायगढ़ में खिलाड़ियों के लिए अब आधुनिक खेल सुविधाएं तैयार की जाएंगी। वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने शुक्रवार को 11.33 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले प्रोजेक्ट्स का भूमिपूजन किया। इनमें 4.55 करोड़ की लागत से सिंथेटिक रनिंग ट्रैक, 4.67 करोड़ की लागत से अंतरराष्ट्रीय मानक का स्विमिंग पूल और 2.11 करोड़ की लागत से स्केटिंग रिंक शामिल है।

कार्यक्रम में वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि रायगढ़ की खेल प्रतिभाओं ने प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। इसलिए सरकार लगातार उनके लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। नया रनिंग ट्रैक न सिर्फ खिलाड़ियों के लिए, बल्कि रोजाना सैर करने आने वाले लोगों के लिए भी उपयोगी होगा। वहीं, पुराने स्विमिंग पूल की जगह अब अंतरराष्ट्रीय स्तर का पूल बनाया जाएगा और पहली बार स्टेडियम में स्केटिंग रिंक भी तैयार किया जा रहा है।

चौधरी ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता का माध्यम नहीं बल्कि स्वस्थ जीवनशैली की कुंजी है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी और गलत खानपान की वजह से युवा जल्दी बीमार हो रहे हैं। ऐसे में खेलों को जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है।

कार्यक्रम में महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि वित्त मंत्री की पहल से खिलाड़ियों को अब और बेहतर तैयारी का मंच मिलेगा। नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने तकनीकी जानकारी दी। मौके पर कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी समेत बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेल प्रेमी और अधिकारी मौजूद रहे।

भूमिपूजन कार्यक्रम के बाद वित्त मंत्री ने तीरंदाजी और फुटबॉल खिलाड़ियों से भी मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत और लगन न सिर्फ उन्हें सफलता दिलाएगी बल्कि उनके व्यक्तित्व को भी मजबूत बनाएगी।

 

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button