2025 में बस्तर में नक्सलवाद पर बड़ा प्रहार, अपराधों में भी आई कमी

जगदलपुर। साल 2025 बस्तर में सुरक्षा बलों के लिए बड़ी कामयाबी का साल रहा। शौर्य भवन में आयोजित वार्षिक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने नक्सल घटनाओं और अन्य अपराधों से जुड़े सालाना आंकड़े जारी किए।
आईजी ने बताया कि वर्ष 2025 के दौरान बस्तर संभाग में कुल 100 मुठभेड़ हुईं, जिनमें 256 माओवादी मारे गए। इस दौरान 898 माओवादियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 1573 माओवादियों ने हिंसा छोड़कर पुनर्वास का रास्ता अपनाया। सुरक्षा बलों ने पूरे साल में 677 हथियार और 894 आईईडी भी बरामद किए।
नक्सली हिंसा में साल भर के दौरान 23 जवान शहीद हुए, वहीं 46 आम नागरिकों की भी जान गई। इसके बावजूद बस्तर संभाग में हालात पहले से बेहतर हुए हैं और सामान्य अपराधों में भी गिरावट दर्ज की गई है।
आईजी के अनुसार बस्तर संभाग के 7 जिलों में वर्ष 2025 में हत्या के 156 मामले दर्ज हुए, जबकि हत्या के प्रयास के 170 मामले सामने आए। चोरी की 262 घटनाएं दर्ज की गईं। बलात्कार के 294 मामले, शीलभंग के 92 और धोखाधड़ी के 157 मामले एफआईआर के रूप में दर्ज किए गए।
इसके अलावा सड़क हादसों में भी बड़ी संख्या में लोगों की जान गई। साल 2025 में बस्तर संभाग में हुई सड़क दुर्घटनाओं में 782 लोगों की मौत हुई।
आईजी सुंदरराज पी ने कहा कि सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई और विकास कार्यों के कारण बस्तर में हालात तेजी से सुधर रहे हैं और आने वाले समय में नक्सल गतिविधियों पर और प्रभावी नियंत्रण किया जाएगा।





