छत्तीसगढ़ में नक्सलियों पर बड़ी कार्रवाई, भाजपा नेता नितिन नबीन ने की सरकार की तारीफ

पटना। छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ चलाए गए सफल ऑपरेशन को लेकर भाजपा के प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन ने सरकार की जमकर तारीफ की है। उन्होंने एक वीडियो बयान में कहा कि यह केंद्र और राज्य सरकार के मिलकर किए गए प्रयासों का नतीजा है कि नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है।
नितिन नबीन ने कहा कि इसके लिए वे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का धन्यवाद करते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार यहीं नहीं रुकेगी, बल्कि आगे भी नक्सलियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री ने मार्च 2026 तक पूरे देश से नक्सलवाद खत्म करने का लक्ष्य रखा है और सरकार इस पर पूरी ताकत से काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी यह संकल्प है कि छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद को पूरी तरह खत्म किया जाए, और सरकार उसी दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है।
नबीन ने कहा कि अब बस्तर के लोग शांति और विकास चाहते हैं। वे नहीं चाहते कि नक्सलवाद विकास में बाधा बने। उन्होंने प्रशासन की कार्रवाई को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह कदम आने वाले समय में मील का पत्थर साबित होगा।
उन्होंने झीरम घाटी की घटना का भी जिक्र किया, जिसमें कई जन प्रतिनिधियों की हत्या हुई थी। उन्होंने कहा कि उस समय नक्सलवाद चरम पर था। भले ही डॉ. रमन सिंह की सरकार ने कार्रवाई की थी, लेकिन उसका खास असर नहीं दिखा।
अंत में नबीन ने ‘अर्बन नक्सलवाद’ पर भी चिंता जताई और कहा कि अब शहरों में फैल रहे नक्सल विचारधारा के खिलाफ भी सख्ती से कदम उठाए जा रहे हैं और जल्द ही इसे भी खत्म कर दिया जाएगा।





