धसगुड़ जलप्रपात में बड़ा हादसा: रील बनाते समय 40 फीट नीचे गिरा युवक, 4 हड्डियां टूटीं

बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के प्रसिद्ध धसगुड़ जलप्रपात में शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। 18 वर्षीय निखिल साहू अपने दोस्तों के साथ घूमने गया था, जहां रील बनाते समय उसका पैर फिसल गया और वह लगभग 40 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर पड़ा। गिरने से उसके हाथ, पैर और पसली की चार हड्डियां टूट गईं। उसका इलाज एक निजी अस्पताल में जारी है और उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें निखिल झरने के टॉप पर खड़ा दिखाई देता है। जैसे ही वह छलांग लगाने की तैयारी करता है, उसका संतुलन बिगड़ जाता है और वह सीधा नीचे गिर जाता है। गिरने के बाद झरने के पानी में खून फैल गया था। दोस्तों ने तुरंत उसे बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
बारिश के मौसम में धसगुड़ और सिद्धखोल जैसे जलप्रपातों में पर्यटकों की भीड़ बढ़ जाती है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था नदारद रहती है। स्थानीय लोगों ने बताया कि न तो चेतावनी बोर्ड लगे हैं, न ही बैरिकेडिंग की व्यवस्था है। इससे पहले भी इस प्रकार की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।





