महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3 करोड़ का 6 क्विंटल गांजा जब्त

छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 3 करोड़ रुपए कीमत का 6 क्विंटल गांजा बरामद किया है। आरोपी ओडिशा से महाराष्ट्र तक गांजे की तस्करी कर रहे थे। मादक पदार्थ को मशीनरी सामान के कार्टूनों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने वाहन, मोबाइल और नकदी समेत कुल 3 करोड़ 12 लाख 15 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की है।
मशीनरी सामान के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा था गांजा
पुलिस के अनुसार एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स ओडिशा सीमा से लगे अंतरराज्यीय मार्गों पर लगातार निगरानी कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक लाल रंग की टाटा माजदा वाहन में कंपनी के सामान की आड़ में गांजा भरकर महाराष्ट्र ले जाया जा रहा है।
सूचना के आधार पर सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के मुरमुरी चौक में वाहन जांच शुरू की गई। जांच के दौरान संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई। वाहन चालक ने अपना नाम महबूब बादशाह शेख बताया, जो महाराष्ट्र के ठाणे जिले का निवासी है।
तलाशी में मशीनरी के बड़े कार्टूनों और अन्य सामान के नीचे 24 प्लास्टिक बोरियां मिलीं। प्रत्येक बोरी में 25-25 किलो गांजा भरा हुआ था। इस तरह कुल 600 किलो गांजा बरामद किया गया।
ओडिशा से महाराष्ट्र तक फैला तस्करी का नेटवर्क
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गांजा ओडिशा के बौद्ध जिले से महाराष्ट्र के ठाणे तक पहुंचाया जा रहा था। पुलिस को आशंका है कि इस तस्करी नेटवर्क में कई अन्य लोग भी शामिल हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
तस्करों ने वाहन को काले रंग के त्रिपाल से ढंक रखा था, ताकि बाहर से यह सामान्य मालवाहक वाहन दिखाई दे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तस्कर लगातार नए-नए तरीके अपनाकर मादक पदार्थों की तस्करी की कोशिश कर रहे हैं।
पहले भी हो चुकी है बड़ी कार्रवाई
महासमुंद पुलिस इससे पहले भी गांजा तस्करी के कई मामलों में कार्रवाई कर चुकी है। 8 मई को पुलिस ने एंबुलेंस से 77 किलो गांजा बरामद कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। वहीं 7 मई को एक पिकअप वाहन से 1.14 करोड़ रुपए का गांजा जब्त किया गया था।
पुलिस के मुताबिक हाल के महीनों में तस्करी के लिए एंबुलेंस, मालवाहक ट्रक, ट्रेवल्स बस, कपड़ा फेरी वाहन और गुप्त चैंबर वाले वाहनों का इस्तेमाल सामने आया है। लगातार कार्रवाई के बीच 600 किलो गांजे की यह बरामदगी जिले की बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।





