वैलेंटाइन वीक में लिव-इन कपल ने की आत्महत्या, शादी में देरी से थे परेशान

छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे एक युवक और युवती ने शादी में हो रही देरी से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। युवती ने घर के अंदर फांसी लगाई, जबकि युवक ने घर के पास पेड़ पर फंदा बनाकर अपनी जान दे दी। घटना पेंड्रा थाना क्षेत्र के पनकोटा गांव की है।

जानकारी के अनुसार, युवती अनीता सिंह (20) और युवक कृष्णा सिंह (18) की मुलाकात करीब दो साल पहले एक पारिवारिक कार्यक्रम में हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और उनका रिश्ता प्रेम संबंध में बदल गया। दोनों शादी करना चाहते थे और परिवार वालों ने भी इसके लिए सहमति दे दी थी।

परिजनों ने सामूहिक विवाह योजना में शादी के लिए आवेदन किया था, लेकिन युवक की उम्र 21 वर्ष से कम होने के कारण आवेदन स्वीकार नहीं किया गया। इस कारण शादी टल गई, जिससे दोनों मानसिक रूप से परेशान रहने लगे। परिवार की सहमति से दोनों पिछले तीन महीने से गांव में अलग घर लेकर साथ रह रहे थे।

बताया जा रहा है कि युवती बदनामी और शादी में देरी को लेकर तनाव में थी। 11 फरवरी की रात उसने साड़ी से फंदा बनाकर घर में आत्महत्या कर ली। युवक ने जब उसे फंदे पर लटका देखा तो उसे नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन उसकी सांसें नहीं चल रही थीं। इसके बाद युवक घर से बाहर गया और पास के पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

परिजनों ने दोनों को बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button