सड़क हादसे में लैंको प्लांट कर्मचारी की मौत

कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में लैंको पावर प्लांट के कर्मचारी विनोद देवांगन (26) की मौत हो गई। विनोद आंछीमार का रहने वाला था और ट्रैवल्स कंपनी में ड्राइवर के तौर पर काम करता था।
जानकारी के मुताबिक, ड्यूटी खत्म करने के बाद विनोद अपने घर लौट रहा था, तभी भैंसमा कॉलेज के पास एक तेज रफ्तार वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
विनोद अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उनकी शादी को अभी एक साल भी नहीं हुआ था और हाल ही में उनके घर एक नवजात बच्चे का जन्म हुआ था। बच्चे की छठी भी हाल ही में मनाई गई थी। विनोद 24 अप्रैल को अपनी शादी की पहली सालगिरह धूमधाम से मनाने की तैयारी में था, लेकिन उससे पहले ही ये दुखद हादसा हो गया।
हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। साथी कर्मचारियों ने गुस्से में आकर मुआवजे की मांग करते हुए हंगामा किया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार वाहन चालक की तलाश जारी है।





