कर्नाटक के विजयपुरा में रेडबर्ड एविएशन का ट्रेनिंग जेट क्रैश, पायलट और ट्रेनी गंभीर घायल

कर्नाटक के विजयपुरा (बीजापुर) जिले में रविवार दोपहर एक बड़ा विमान हादसा हुआ। रेडबर्ड एविएशन का एक प्रशिक्षण विमान बालेश्वर तालुका के मैंगलोर गांव के पास खेत में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान में सवार पायलट और ट्रेनी पायलट गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
कैसे हुआ हादसा
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, विमान कालबुर्गी के पास हवा में डगमगाने लगा था। पायलट ने काफी देर तक विमान को संभालने की कोशिश की, लेकिन अंततः मैंगलोर गांव के पास खेत में विमान गिर गया। राहत की बात यह रही कि हादसा आबादी वाले इलाके से दूर हुआ।
ईंधन की कमी की आशंका
शुरुआती जांच में ईंधन की कमी को हादसे की संभावित वजह बताया जा रहा है। हालांकि, इस पर अभी तक पुलिस या रेडबर्ड एविएशन की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है। स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
ट्रेनिंग के लिए इस्तेमाल होता है विमान
रेडबर्ड एविएशन देश की जानी-मानी फ्लाइट ट्रेनिंग अकादमी है, जो पायलट प्रशिक्षण के लिए सेसना 172 जैसे आधुनिक प्रशिक्षण विमानों का उपयोग करती है। यह अकादमी बारामती, बेलगावी और सियोनी में अपने बेस से ट्रेनिंग देती है। सेसना 172 में बेसिक ऑटोपायलट सिस्टम होता है, जिससे ऊंचाई और दिशा नियंत्रित की जा सकती है।
फिलहाल, घायलों के इलाज और हादसे के कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।





