क्रांति गौंड का इंडियन वूमेन क्रिकेट टीम में चयन, छतरपुर की बेटी अब इंग्लैंड में दिखाएगी दमखम

छतरपुर |
कहते हैं कि बेटियां किसी से कम नहीं होतीं, और मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले की क्रांति गौंड ने इस बात को सच कर दिखाया है। घुवारा की रहने वाली 21 वर्षीय क्रांति ने अपनी मेहनत, लगन और शानदार खेल प्रदर्शन के दम पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम में जगह बनाई है।
WPL और घरेलू टूर्नामेंट से मिला मंच
क्रांति ने हाल ही में मध्यप्रदेश सीनियर महिला टी-20 टूर्नामेंट और वूमेंस प्रीमियर लीग (WPL) में शानदार प्रदर्शन किया था। उनकी बैटिंग और ऑलराउंड परफॉर्मेंस ने चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा और अब उनका चयन इंडियन सीनियर वूमेन टीम में कर लिया गया है।
इस चयन के बाद अब क्रांति इंग्लैंड में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी, जो जिले और प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।
लाडली लक्ष्मी योजना की लाभार्थी बनीं प्रेरणा
क्रांति सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि लाडली लक्ष्मी योजना की लाभार्थी भी हैं। सरकार की इस योजना ने उन्हें शिक्षा और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आत्मबल दिया। अब वे उस वर्ग का प्रतिनिधित्व कर रही हैं जो संसाधनों की कमी के बावजूद सपनों को सच कर दिखाता है।
छतरपुर से चमक रही प्रतिभाएं
छतरपुर जिला हाल के वर्षों में खेल जगत में कई होनहार प्रतिभाओं का केंद्र बनकर उभरा है। क्रांति जैसी बेटियां ना सिर्फ मैदान में, बल्कि समाज में भी लड़कियों के लिए रोल मॉडल बन रही हैं।
क्रांति की इस सफलता पर जिलेभर में खुशी की लहर
क्रांति के इंडियन टीम में चयन की खबर से उनके गांव घुवारा में खुशी की लहर दौड़ गई है। जिले के खेल प्रेमी, शिक्षकों और स्थानीय प्रशासन ने इस सफलता पर उन्हें बधाई दी है। उम्मीद की जा रही है कि वे इंग्लैंड में भारत के लिए शानदार प्रदर्शन करेंगी।





