10 साल बाद रायपुर में IPL का रोमांच चरम पर, विराट-रोहित को देखने उमड़े फैंस

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज IPL का जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। 10 साल बाद शहर में आईपीएल मुकाबला आयोजित होने जा रहा है, जिसे लेकर क्रिकेट प्रेमियों में भारी उत्साह है। शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आज मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच बड़ा मुकाबला खेला जाएगा।
मैच शाम 7:30 बजे से शुरू होगा, लेकिन सुबह से ही बड़ी संख्या में फैंस स्टेडियम के बाहर पहुंचने लगे हैं। खास तौर पर विराट कोहली और रोहित शर्मा के प्रशंसकों में अलग ही उत्साह नजर आ रहा है। कोई विराट के नाम की जर्सी पहनकर पहुंचा है तो कोई रोहित शर्मा को सपोर्ट करते दिखाई दे रहा है।
स्टेडियम के बाहर दोनों टीमों के समर्थकों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। फैंस अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को मैदान पर शानदार प्रदर्शन करते देखने के लिए बेहद उत्साहित हैं।
मैच को लेकर पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए क्यूआर कोड आधारित एंट्री व्यवस्था लागू की गई है। इसके अलावा स्टेडियम के आसपास ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है।





