हनीट्रैप में फंसाकर नाबालिग का अपहरण, 1 करोड़ की फिरौती मांगने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में नाबालिग के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने सोशल मीडिया के जरिए हनीट्रैप में फंसाकर किशोर को अगवा किया और उसके पिता से 1 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी। पुलिस ने नाबालिग को सुरक्षित बरामद करते हुए युवती समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पूरे अपहरण की साजिश पीड़ित का सगा भांजा ही निकला। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार, नाबालिग अपने रिश्तेदार के साथ अमलेश्वर इलाके में बाइक बनवाने गया था। इसी दौरान एक कार में आए आरोपियों ने उसे बातों में उलझाकर अपने साथ बैठा लिया और वहां से ले गए।
करीब 45 मिनट बाद परिजनों को फोन कर बताया गया कि उनके बेटे का अपहरण हो चुका है और उसे छोड़ने के बदले 1 करोड़ रुपये देने होंगे। आरोपियों ने नाबालिग से भी फोन पर बात कराकर दबाव बनाया।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की और साइबर सेल की मदद से कॉल करने वाले नंबर की लोकेशन ट्रेस की। लोकेशन धमतरी क्षेत्र में मिलने पर पुलिस ने वहां नाकेबंदी कर संदिग्ध कार को रोक लिया।
कार से नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर लिया गया और मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। बाद में पूछताछ के आधार पर अन्य आरोपियों को भी पकड़ा गया।
जांच में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी ने युवती को इंस्टाग्राम के जरिए नाबालिग से दोस्ती करने के लिए लगाया था। युवती ने कई दिनों तक बातचीत कर उसे अपने जाल में फंसाया और मिलने के बहाने बुलाया, जहां से उसका अपहरण कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से कार और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह भी जांच की जा रही है कि उन्होंने पहले भी ऐसी घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं।




