कांग्रेस में बढ़ी सियासी हलचल, बैज और सिंहदेव के बीच बयानबाजी तेज

छत्तीसगढ़ कांग्रेस में संगठन और नेतृत्व को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज और पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के बयान अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गए हैं। दोनों नेताओं के बीच प्रदेश नेतृत्व और संगठन की भूमिका को लेकर अलग-अलग बयान सामने आए हैं, जिससे पार्टी के भीतर नई बहस छिड़ गई है।

दिल्ली में भूमिका निभाने की सलाह पर बढ़ा विवाद

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि टीएस सिंहदेव बड़े नेता हैं और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सिंहदेव पहले भी कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति में सदस्य रह चुके हैं और तमिलनाडु व पुडुचेरी जैसे राज्यों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। बैज ने कहा कि छत्तीसगढ़ में युवाओं को अवसर दिया जाना चाहिए।

यह बयान उस समय आया जब हाल ही में टीएस सिंहदेव ने कहा था कि यदि पार्टी उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी देती है तो वे उसे निभाने के लिए तैयार हैं। बैज के बयान को कांग्रेस संगठन के भीतर नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाओं से जोड़कर देखा जा रहा है।

सिंहदेव का पलटवार, बोले- अभी भी खुद को युवा महसूस करता हूं

दीपक बैज के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए टीएस सिंहदेव ने कहा कि उन्हें समझ नहीं आया कि यह बात किस सोच के साथ कही गई। उन्होंने कहा कि वे आज भी खुद में युवाओं जैसी ऊर्जा महसूस करते हैं और छत्तीसगढ़ में रहकर ही काम करना चाहते हैं।

सिंहदेव ने कहा कि वे लगातार प्रदेशभर में लोगों से मुलाकात कर रहे हैं और संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हर कांग्रेसी की पहली जिम्मेदारी अपने क्षेत्र और संगठन को मजबूत करना है।

सिंहदेव ने चुनावी हार का जिक्र करते हुए कहा कि वे खुद चुनाव हार चुके हैं, वहीं दीपक बैज भी चुनाव हार चुके हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने कई क्षेत्रों में सीटें बचाने में सफल नहीं रही और पार्टी की सरकार भी दोबारा नहीं बन सकी।

बीजेपी ने बताया कांग्रेस का अंतर्कलह

दोनों नेताओं के बयानों के बीच उनका फोन पर बातचीत का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में दोनों नेता हल्के अंदाज में बातचीत करते नजर आए। सिंहदेव ने बैज से कहा कि “अपना काम करते रहना है।”

इस पूरे घटनाक्रम पर बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। प्रदेश सरकार के मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि कांग्रेस का अंदरूनी विवाद समय-समय पर सार्वजनिक होता रहता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के भीतर नेताओं के बीच तालमेल की कमी साफ दिखाई दे रही है।

इसी दौरान दीपक बैज ने नक्सलवाद के मुद्दे पर भी बीजेपी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों को सीमित करने में बड़ा काम किया था और भाजपा केवल राजनीतिक बयानबाजी कर रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button