बेलसरा में पीएम आवास योजना का पैसा सरपंच ने हड़पा, बहू का बनवाया मकान – SDM ने दिए जांच के आदेश

तखतपुर।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई प्रधानमंत्री आवास योजना गरीबों को पक्के घर देने के लिए चलाई जा रही है, लेकिन तखतपुर के ग्राम बेलसरा में इस योजना में भारी गड़बड़ी सामने आई है। गांव के सरपंच और रोजगार सहायक पर गंभीर आरोप लगे हैं कि उन्होंने गरीबों के नाम स्वीकृत मकानों की राशि को गलत तरीके से किसी और के नाम कर दिया।
सबसे हैरान करने वाला मामला यह है कि सरपंच ने एक पात्र महिला लाभार्थी के नाम स्वीकृत राशि को अपनी बहू के नाम कर मकान बनवा लिया। इससे असली हकदार परिवार को आज तक घर नहीं मिल पाया।
इस अन्याय के खिलाफ पीड़ित महिला और एक बुजुर्ग ने तखतपुर SDM कार्यालय में जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान अपनी शिकायत रखी। मामले की गंभीरता को देखते हुए SDM ने तुरंत जांच के आदेश दे दिए हैं।
यह मामला ना सिर्फ सरकारी योजनाओं की पारदर्शिता पर सवाल उठाता है, बल्कि यह भी दिखाता है कि कैसे कुछ अधिकारी गरीबों के हक को हड़पने से भी नहीं चूकते।
अब देखना यह होगा कि जांच में क्या निकलकर आता है और क्या पीड़ित परिवार को उनका हक और न्याय मिल पाएगा।





