ग्रैंड न्यूज़ की खबर का असर: बिलासपुर में बिना अनुमति बैनर-पोस्टर लगाना अब प्रतिबंधित

बिलासपुर
बिलासपुर में बिना अनुमति लगाए गए बैनर-पोस्टर से हुई दुर्घटना और एक व्यक्ति की मौत की खबर ने आखिरकार प्रशासन को नींद से जगा दिया है। ग्रैंड न्यूज़ द्वारा इस गंभीर मामले को उठाए जाने के बाद नगर निगम ने कड़ा एक्शन लिया है।
नगर निगम ने अब शहर में बिना पूर्व अनुमति किसी भी तरह का फ्लैक्स, पोस्टर या बैनर लगाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। यह फैसला हाल ही में आयोजित एमआईसी बैठक में लिया गया, जिसका उद्देश्य न केवल शहर की सुंदरता बनाए रखना है, बल्कि ऐसे हादसों को दोबारा होने से रोकना भी है।
नगर निगम के अपर आयुक्त खजांची कुम्हार ने जानकारी दी कि अवैध प्रचार सामग्री पर निगरानी रखने के लिए अतिक्रमण शाखा और सभी जोनों से कुल 11 टीमें गठित की गई हैं। इन टीमों को अपने-अपने क्षेत्रों में फ्लैक्स और पोस्टरों की नियमित जांच एवं कार्रवाई की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अब चौक-चौराहों, बिजली के खंभों, पुलों, बाग-बगिचों की दीवारों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर बिना अनुमति कोई भी प्रचार सामग्री नहीं लगाई जा सकेगी।
नगर निगम का यह कदम शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और सौंदर्यपूर्ण बनाने की दिशा में एक बड़ा प्रयास है।
ग्रैंड न्यूज़ एक बार फिर जिम्मेदार पत्रकारिता के ज़रिए जनता की आवाज़ बनकर उभरा है और इस रिपोर्ट का असर साफ़ दिखाई दे रहा है।





