स्टे आदेश के बावजूद जारी अवैध निर्माण: शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं, प्रशासन पर उठे सवाल

बिलासपुर में अवैध निर्माण को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है, जहां स्थगन आदेश के बावजूद निर्माण कार्य जारी रहने के आरोप लगे हैं। मामले में प्रशासनिक कार्रवाई न होने पर शिकायतकर्ता ने गंभीर सवाल उठाए हैं।

रिंग रोड नंबर-02 स्थित एक वार्ड में बिना अनुमति के व्यवसायिक निर्माण कार्य किए जाने का आरोप है। शिकायत के अनुसार, संबंधित जमीन पर तहसीलदार द्वारा पहले ही निर्माण कार्य पर रोक लगाने का आदेश जारी किया जा चुका है, इसके बावजूद निर्माण जारी है।

शिकायतकर्ता ने बताया कि इस मामले की लिखित शिकायत पहले ही नगर निगम में की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। आरोप है कि संबंधित व्यक्ति ने बाद में ऑनलाइन आवेदन कर निर्माण कार्य को जारी रखा।

मामले में जमीन से जुड़े दस्तावेजों पर भी सवाल उठाए गए हैं। आरोप है कि कुछ खसरा नंबरों की जमीन को कथित रूप से गलत तरीके से दर्ज कराया गया है, जिसे लेकर न्यायालय में मामला विचाराधीन है।

नायब तहसीलदार द्वारा जांच पूरी होने तक निर्माण कार्य पर रोक लगाने का आदेश जारी किया गया था, जिसकी जानकारी संबंधित विभाग को भी दी गई थी। इसके बावजूद निर्माण कार्य पूरी तरह बंद नहीं हुआ, जिससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

शिकायतकर्ता ने नगर निगम आयुक्त से मामले में हस्तक्षेप कर अवैध निर्माण पर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button