पत्नी की हत्या करने वाला आरोपी पति गिरफ्तार – नगरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई

नगरी: नगरी के कोटपारा इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने मामूली विवाद और शक के चलते अपनी पत्नी की हत्या कर दी। घटना के कुछ ही घंटों बाद नगरी पुलिस ने आरोपी को बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी धनेश्वर पटेल (26 वर्ष), निवासी कोटपारा, 10 जून की सुबह करीब 8 बजे इलाज कराकर घर लौटा था। कुछ ही समय बाद, लगभग 11 बजे, पत्नी मीनाक्षी पटेल से किसी बात को लेकर बहस हो गई। बताया जा रहा है कि पति को अपनी पत्नी के चरित्र पर पहले से शक था। बहस के दौरान गुस्से में आकर आरोपी ने घर में रखे लोहे के हसिया से पत्नी के गले पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपी घर से फरार हो गया था। थाना प्रभारी शरद ताम्रकार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए जांच शुरू की। गवाहों के बयान और सबूतों के आधार पर आरोपी का पता लगाया गया और सूचना के आधार पर उसे नगरी बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के समय वह भागने की फिराक में था।

आरोपी के बयान के आधार पर हत्या में इस्तेमाल किया गया लोहे का हसिया भी बरामद कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ धारा 103 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शरद ताम्रकार, उप निरीक्षक इंदल साहू, सहायक उप निरीक्षक तान सिंह साहू, श्रीराम पटेल, प्रधान आरक्षक जीवन ध्रुव, योगेश साहू, योगेन्द्र साहू, सुशील यादव और महिला आरक्षक गंगा मरकाम का विशेष योगदान रहा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button