नक्सलियों का भारी विस्फोटक सामग्री बरामद

बीजापुर। बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा छिपाई गई भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की है। ताड़पाला बेस कैंप से कोबरा 206, CRPF 229, 153 और 196 और बीजापुर पुलिस की संयुक्त टीम ने केजीएच तलहटी क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया।

इस दौरान सुरक्षा बलों को 51 जीवित बीजीएल, एचटी एल्यूमीनियम तार के 100 बंडल, 50 स्टील पाइप, बड़ी मात्रा में बिजली के तार, 20 लोहे की चादरें और 40 लोहे की प्लेटें मिलीं। ये सामग्री बीजीएल निर्माण और अन्य विस्फोटक उपकरण तैयार करने में इस्तेमाल की जा सकती थी। तलाशी के दौरान नक्सलियों द्वारा लगाए गए पांच प्रेशर आईईडी भी बरामद किए गए, जिन्हें सुरक्षा बलों ने निष्क्रिय कर दिया।

वहीं, जिले से एक और नक्सली वारदात की खबर सामने आई है। मद्देड एरिया कमेटी के नक्सलियों ने भाजपा कार्यकर्ता पूनम सत्यम की हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार, पूनम सत्यम भाजपा के मंडल कार्यकर्ता के रूप में सक्रिय थे और उन्हें मुखबिरी के आरोप में टारगेट किया गया। घटना स्थल से पुलिस को एक पर्चा भी मिला, जिसमें नक्सलियों ने लिखा कि “काफी दिनों से उसे टारगेट पर रखा गया था, कई बार समझाइश दी गई, लेकिन उसने बात नहीं मानी।”

मद्देड एरिया कमेटी ने इस हत्या की जिम्मेदारी ली और इसे “जन कार्रवाई” बताया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे। इलाके में दहशत का माहौल है। मृतक पूनम सत्यम पार्टी गतिविधियों में लगातार हिस्सा ले रहे थे और नक्सलियों की नजरों में वे खतरा बन गए थे। सुरक्षा बल अब इलाके में सतर्क हैं और नक्सली गतिविधियों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button