तेज रफ्तार बस खेत में पलटी, 20 से अधिक यात्री घायल

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है, जिसमें 20 से अधिक यात्री घायल हो गए। यह दुर्घटना पंडरिया थाना क्षेत्र के सैगोनाडीह और किशुनगढ़ गांव के बीच उस समय हुई, जब कोरबा से कवर्धा की ओर जा रही एक तेज रफ्तार यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बस पलटते ही यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए घायलों को बस से बाहर निकाला और तुरंत एंबुलेंस की सहायता से उन्हें पंडरिया अस्पताल पहुंचाया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। अस्पताल में सभी घायलों का इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही पंडरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य में जुट गई।
प्रशासन ने हादसे की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल में अतिरिक्त चिकित्सकों और स्टाफ की व्यवस्था की है ताकि सभी घायलों को उचित और समय पर इलाज मिल सके। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक अनुमान है कि तेज रफ्तार और चालक द्वारा वाहन पर नियंत्रण खो देने से यह हादसा हुआ है।





