छत्तीसगढ़ में 10 लाख की हेरोइन जब्त, महिला तस्कर गिरफ्तार

भिलाई में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक महिला को हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से लगभग 10 लाख रुपये मूल्य की हेरोइन, नकदी और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है।
गुप्त सूचना पर पुलिस की कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि जामुल थाना क्षेत्र के हाउसिंग बोर्ड इलाके में एक महिला निर्माणाधीन बीएनएस स्कूल के पास अवैध रूप से हेरोइन बेच रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध महिला को हिरासत में लिया।
महिला आरक्षक की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उसके पास से 49.8 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। साथ ही नशीले पदार्थ की बिक्री से प्राप्त 1,000 रुपये नकद और एक कीपैड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
बरामद सामग्री की कीमत करीब 10 लाख रुपये
पुलिस के अनुसार जब्त हेरोइन की अनुमानित बाजार कीमत 9 लाख 96 हजार रुपये है। नकदी और मोबाइल फोन सहित कुल जब्त सामग्री का मूल्य लगभग 9 लाख 97 हजार 300 रुपये आंका गया है।
गिरफ्तार महिला की पहचान राजविंदर कौर (25) निवासी हाउसिंग बोर्ड, भिलाई के रूप में हुई है। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले भी पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में चिट्टा तस्करी के मामले में एक महिला को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों को देखते हुए पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान और तेज करने की बात कही है।
पुलिस का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।





