बीजापुर में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, छह माओवादी ढेर, भारी मात्रा में हथियार बरामद

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में मंगलवार को सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने बड़ी सफलता हासिल की। डीआरजी, एसटीएफ और दंतेवाड़ा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में नेशनल पार्क क्षेत्र से छह माओवादी मारे गए। मुठभेड़ स्थल से इंसास रायफल, स्टेनगन, .303 रायफल समेत भारी मात्रा में गोला-बारूद, विस्फोटक और अन्य माओवादी सामग्री बरामद की गई है।

पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव ने बताया कि माओवादियों की मौजूदगी की सटीक सूचना मिलने पर मंगलवार सुबह सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। लगभग सुबह 10 बजे दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हुई, जो कुछ समय तक जारी रही। इसके बाद क्षेत्र से छह माओवादी कैडरों के शव बरामद किए गए।

बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी. ने इस कार्रवाई को माओवादियों के खिलाफ निर्णायक सफलता बताया। उन्होंने कहा कि यह ऑपरेशन ऐसे समय में सफल हुआ है जब माओवादी संगठन कमजोर और नेतृत्वविहीन स्थिति में है। फरार माओवादियों की घेराबंदी के लिए अतिरिक्त टीमें मौके पर भेजी गई हैं।

इसी दिन तारलागुड़ क्षेत्र के अन्नाराम जंगल में भी सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक घायल माओवादी को गिरफ्तार किया गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

फिलहाल अन्नाराम और आसपास के जंगलों में डीआरजी, एसटीएफ और सीआरपीएफ की टीमें सघन तलाशी अभियान चला रही हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इलाके में अब भी कुछ माओवादी कैडरों की मौजूदगी की संभावना है, जिसके चलते पूरे क्षेत्र की घेराबंदी और सर्चिंग जारी है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button