छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिन बारिश का दौर, बिजली गिरने से छात्रा की मौत

छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई है। विभाग के अनुसार 23 जून के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून राज्य के अन्य क्षेत्रों में भी आगे बढ़ सकता है।

अगले पांच दिन मौसम रहेगा सक्रिय

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के मध्य और उत्तरी इलाकों में पिछले 24 घंटों के दौरान कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश दर्ज की गई। आगामी दिनों में भी हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहने के आसार हैं। इस दौरान तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं।

प्रदेश में रायपुर सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

बिजली गिरने से छात्रा की दर्दनाक मौत

सक्ती जिले के ग्राम अंडा में आकाशीय बिजली गिरने से एक 11 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार छात्रा दीप्ति चंद्रा घर के बाहर खेल रही थी, तभी अचानक बिजली गिरने से वह उसकी चपेट में आ गई। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हाल के दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में खराब मौसम के कारण जनहानि की घटनाएं सामने आई हैं। रायगढ़ जिले में भी दीवार गिरने से एक महिला की मौत हो चुकी है, जबकि दो अन्य लोग घायल हुए थे।

राजधानी में बारिश और बादलों के आसार

राजधानी रायपुर में दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान जताया है। शहर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, खुले स्थानों पर जाने से बचने और आकाशीय बिजली के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button