ट्रक और बोलेरो की जोरदार भिड़ंत : 4 की मौत, 7 लोग गंभीर रूप से घायल

बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के सरगुजा क्षेत्र के सीतापुर में तेज रफ्तार ट्रक और एक बोलेरो में जोरदार भिड़ंत होने के कारण बोलेरो में सवार 11 से ज्यादा लोगों में से एक मासूम सहित चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि 7 लोग गंभीर रूप से घायल और कुछ को मामूली चोटें आई हैं। यह घटना इतनी जोरदार हुई की पल भर में हर तरफ चीख पुकार मच गई। घटना के बाद ट्रक छोड़कर ड्राइवर फरार हो गया।
इस घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों ने ट्रक में आग लगा दी। यह घटना सीतापुर थानाक्षेत्र के ग्राम विशुनपुर प्लांट के पास मुख्य मार्ग NH 43 की है। बताया गया कि बोलेरा सवार किलकिला शिव मंदिर से दर्शन कर अपने घर रेवापुर-सखौली लौट रहे थे तभी यह हादसा हो गया। सीतापुर पुलिस मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और घायलो को तत्काल नजदीक के अस्पताल सीतापुर सीएचसी ले जाकर भर्ती कराया। मृतकों को भी मर्चुरी में रखा गया।
पुलिस और स्थानीय लोगों के मुताबिक यह भीषण हादसा वाहनों के तेज रफ्तार के कारण हुआ है। घटना के बाद गुस्साई भीड़ ने मौके पर मौजूद ट्रक में आग लगा दी जिसे बाद में बुझाया गया। सीतापुर पुलिस मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई कर रही है।





