छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी भीषण गर्मी, कई जिलों में हीट वेव का अलर्ट

छत्तीसगढ़ में आने वाले दिनों में गर्मी और तेज होने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे कई इलाकों में लू चलने की स्थिति बन सकती है।
16 अप्रैल से बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के कुछ हिस्सों में हीट वेव चलने की संभावना जताई गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेशभर में मौसम शुष्क बना रहा और तापमान में कोई खास बदलाव नहीं देखा गया।
सबसे अधिक तापमान रायपुर में 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 17.9 डिग्री सेल्सियस रहा। इस दौरान प्रदेश में कहीं भी बारिश नहीं हुई और कोई सक्रिय मौसम प्रणाली भी नहीं पाई गई।
मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल मौसम शुष्क ही बना रहेगा और अगले दो दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि कुछ क्षेत्रों में हीट वेव की स्थिति बन सकती है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
राजधानी रायपुर में आसमान साफ रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
लू की आशंका को देखते हुए लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।





