रायगढ़ में गर्मी ने तोड़ा रिकॉर्ड: तापमान 44 डिग्री के पार, रात में भी गर्म हवाओं से लोग परेशान

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। जिले का अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे दिन के साथ-साथ रात में भी लोगों को राहत नहीं मिल रही है। पंखे और कूलर भी गर्मी के आगे बेअसर साबित हो रहे हैं।
मंगलवार शाम को तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी जरूर हुई, लेकिन इससे मौसम में ज्यादा राहत नहीं मिली। कुछ ही देर बाद उमस और गर्मी फिर बढ़ गई। बुधवार सुबह से आसमान साफ रहने के कारण धूप और अधिक तीखी महसूस हुई।
दोपहर में सड़कों पर पसरा सन्नाटा
भीषण गर्मी के कारण दोपहर के समय लोग घरों से बाहर निकलने से बचते नजर आए। जरूरी काम से बाहर निकलने वाले लोग भी चेहरे और कान को कपड़े से ढंककर ही निकले। शाम ढलने के बाद भी गर्म हवाओं के थपेड़े जारी रहे, जिससे लोगों को रात में भी राहत नहीं मिल पा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 45.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान जताया गया है। वहीं न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
अस्पतालों में बढ़ने लगे मरीज
तेज गर्मी और लू के असर से अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। मेडिकल कॉलेज अस्पताल के मुताबिक डिहाइड्रेशन और मौसम जनित बीमारियों से प्रभावित होकर रोजाना 12 से 15 मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं।
निजी अस्पतालों में भी उल्टी-दस्त और गर्मी से जुड़ी अन्य समस्याओं के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं। डॉक्टर लोगों को धूप से बचने, ज्यादा पानी पीने और जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।
अगले कुछ दिन और बढ़ सकती है गर्मी
मौसम विभाग ने रविवार तक तापमान में किसी बड़ी गिरावट की संभावना से इनकार किया है। विभाग का कहना है कि सोमवार तक तापमान में करीब 1 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी हो सकती है।
विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर नहीं निकलने, हल्के कपड़े पहनने और शरीर को हाइड्रेट रखने की सलाह दी है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।





